हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल का निधन

चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व राज्यपाल और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धनिक लाल मंडल का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंडल को श्रद्धांजलि दी।
धनिकलाल मंडल झंझारपुर लोकसभा से दो बार सांसद रहे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। मिथिलांचल के राजनीति में धनिकलाल मंडल बड़ा नाम था। वह मोरारजी देसाई मंत्रिमंडल में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री भी रह चुके थे। वर्ष 1977 और 1980 में दो बार बिहार के झंझारपुर से लोकसभा के लिए चुने गए। बिहार विधानसभा (1967-74) के सदस्य थे। वह बिहार विधानसभा के 1967-69 तक अध्यक्ष भी रहे।
पूर्व राज्यपाल का धनिक लाल का जन्म 30 मार्च 1932 को बिहार के मधुबनी जिले के घोघरडीहा प्रखंड के बेल्हा में हुआ था। वह छात्र कांग्रेस के एक सक्रिय सदस्य थे और भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने के लिए दरभंगा के जिला स्कूल से निकाल दिए गए थे। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अपनी एम. ए. की पढ़ाई पूरी की थी।