Uncategorizedकरिअरदेश

मूंगफली: यह खाद्य पदार्थ विटामिन-डी का सबसे कारगर और सस्ता स्रोत, हृदय रोगों में भी इसके लाभ

सर्दियों का यह मौसम खान-पान की दृष्टि से कई प्रकार से काफी पसंदीदा माना जाता है। इस मौसम में कई फल और सब्जियां बहुतायत में उपलब्ध होती हैं, जिनका सेवन करना शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति के साथ कई बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी मददगार हो सकता है। इस मौसम में मूंगफली भी बहुतयात में उपलब्ध होती है, अपने स्वाद के साथ मूंगफली कई ऐसे विटामिन्स और पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है, जिससे हृदय रोग जैसी बीमारियों के खतरे को भी कम करने में मदद मिल सकती है। मूंगफली, विटामिन-डी का भी बेहतर स्रो  है, जिसे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने के लिए आवश्यक माना जाता है।

आहार विशेषज्ञ बताते हैं, मूंगफली प्रोटीन, स्वस्थ वसा और विभिन्न स्वस्थ पोषक तत्वों से भरपूर होती है। अध्ययनों से पता चलता है कि मूंगफली वजन घटाने के लिए भी उपयोगी हो सकती है और हृदय रोगों के कारकों को कम करने में भी फायदेमंद है। देश के कई हिस्सों में मूंगफली को बादाम के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि इसमें बादाम के ज्यादातर गुण होते हैं।

आइए जानते हैं मूंगफली खाना किस प्रकार से सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।

हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी

मूंगफली खाना हृदय को स्वस्थ रखने के लिए बेहतर खाद्य विकल्प हो सकता है। मूंगफली में असंतृप्त वसा की उच्च मात्रा पाई जाती है, जो हृदय को स्वस्थ रखने और इससे संबंधित समस्याओं को कम करने में लाभकारी हो सकती है। मूंगफली, कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में भी फायदेमंद मानी जाती है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व रक्त के थक्कों को बनने से रोकने में मदद करती है जिससे दिल का दौरा या स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है। 

मूंगफली वजन कम करने में सहायक

अध्ययनों में पाया गया है कि मूंगफली प्रोटीन का अच्छा स्रोत होने के साथ कैलोरी में कम होती है, जिसके सेवन से शरीर को फिट रखते हुए वजन को बढ़ने से रोकने में मदद मिलती है। प्रोटीन से भरपूर नट्स में मूंगफली और बादाम दोनों को सबसे बेहतर माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग अपने आहार में मूंगफली को शामिल करते हैं, उनमें वजन बढ़ने के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम कम होता है।

हड्डियों के लिए फायदेमंद है मूंगफली

बढ़ती उम्र के साथ हड्डियां कमजोर होने लगती हैं, शोधकर्ताओं ने पाया कि आहार में विटामिन-डी वाली चीजों को शामिल करना स्वस्थ भोजन का विकल्प हो सकता है। मूंगफली, मैंगनीज और फास्फोरस का भी समृद्ध स्रोत है, ये पोषक तत्व हड्डियों की मजबूती बनाए रखने के साथ ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं के खतरे को कम करता है। वहीं विटामिन-डी वाली चीजों का सेवन करना कैल्शियम के भंडारण में सहायक है।

मस्तिष्क के लिए मूंगफली के फायदे

स्वस्थ और तेज दिमाग के लिए नियमित रूप से विटामिन बी1, नियासिन और फोलेट जैसे पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है, मूंगफली इन पोषक तत्वों से भरपूर होती है। शोधकर्ताओं ने पाया कि मूंगफली खाने से आपका दिमाग अधिक सक्रिय और तेज हो जाता है। नियासिन और विटामिन बी1 उम्र से संबंधित संज्ञानात्मक क्षमता में गिरावट और अल्जाइमर जैसी बीमारियों को दूर रखने में भी मददगार हो सकती है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button