Uncategorizedखेलदेशविदेश

भारतीय ओलंपिक संघ की निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं पीटी ऊषा

नई दिल्ली। उड़नपरी के नाम से मशहूर महान धाविका पीटी ऊषा को रविवार को भारतीय ओलंपिक संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। इसके साथ उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वह IOA की अध्यक्ष चुनी जाने वाली पहली महिला बनी हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पीटी ऊषा को भारतीय ओलंपिक संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, महान गोल्डन गर्ल पीटी ऊषा को भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर बधाई। मैं अपने देश के सभी खेल नायकों को प्रतिष्ठित IOA के पदाधिकारी बनने पर बधाई देता हूं! देश को उन पर गर्व है!’

कई एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता 58 साल की ऊषा 1984 के ओलंपिक 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं थी। उन्होंने रविवार को शीर्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनके साथ उनकी टीम के 14 अन्य लोगों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए।

कार्यकारी परिषद के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) एथलीट आयोग के प्रतिनिधि होंगे। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआइ) के अजय पटेल का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनना तय है, क्योंकि वह भी इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं। ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग भी एक पुरुष उपाध्यक्ष पद के एकमात्र उम्मीदवार हैं। हालांकि, महिला उपाध्यक्ष के लिए राजलक्ष्मी सिंह देव और अलकनंदा अशोक ने नामांकन दाखिल किया है।

भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष सहदेव यादव को कोषाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाएगा। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे पुरुष संयुक्त सचिव होंगे, जबकि तीन उम्मीदवार अलकनंदा अशोक, शालिनी ठाकुर चावला और सुमन कौशिक महिला संयुक्त सचिव के एक पद के लिए चुनाव लड़ेंगी। ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त और तीरंदाज डोला बनर्जी कार्यकारी परिषद में आठ एसओएम के पुरुष और महिला प्रतिनिधि होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button