देशराजनीति

UP Election Phase 3:मतदान प्रारंभ, इटावा में मतदान के बाद अखिलेश यादव ने उठाया महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए तीसरे चरण का मतदान रविवार को सात बजे से प्रारंभ हो गया है। माक पोलिंग से केन्द्रों पर पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम को परखा इसके बाद सभी जगह पर मतदाताओं को प्रवेश दिया गया। मतदान में पहले घंटे में कई जगह पर ईवीएम में हल्की खराबी के बीच में लोगों ने गुलाबी ढंग का मजा लेते हुए मतदान किया।
इटावा में मतदान के बाद अखिलेश यादव ने उठाया महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा के सैफई में पत्नी डिंपल यादव के साथ मतदान किया। इसके बाद मीडिया से वार्ता में भाजपा की सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि बाबा प्रदेश में पांच वर्ष मुख्यमंत्री रहे। बाबा को कोई अच्छा काम करना नहीं है। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार में महिला असुरक्षित है। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई मेडिकल कॉलेज को पाजीआई वाली सुविधाएं क्यों नहीं दीं। आप यहां देख रहे हैं कि सैफई का विकास एक दिन में नहीं हुआ है।
तीसरे चरण में जिलावार मतदान प्रतिशत
जिला सात से नौ बजे, नौ से 11 बजे
हाथरस 07.62 22.67
फिरोजाबाद 09.85 24.32
कासगंज 09.53 22.54
एटा 10.16 24.30
मैनपुरी 11.02 24.46
फर्रुखाबाद 05.88 19.64
कन्नौज 10.11 22.00
इटावा 06.83 19.84
औरैया 07.74 18.53
कानपुर देहात 06.18 19.86
कानपुर नगर 05.66 16.79
जालौन 09.53 21.66
झांसी 07.69 19.11
ललितपुर 09.36 25.80
हमीरपुर 09.58 23.30
महोबा 08.00 23.50
कुल 08.15 21.18 प्रतिशत

व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान के दौरान इटावा में समाजवादी पार्टी का कुनबा जुटा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक तथा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव ने इटावा के सैफई में मतदान किया। व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को देखने के लिए भारी भीड़ एकत्र थी। इटावा के जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं।
मतदान ने पकड़ी गति, चार घंटे में 21.18 प्रतिशत मतदान, ललितपुर में सर्वाधिक: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में तीसरे चरण के मतदान में पहले चार घंटे यानी सुबह सात से दिन में 11 बजे तक कुल 21.18 प्रतिशत मतदान हो गया था। इस दौरान कहीं से भी झड़प की कोई सूचना नहीं है। दिन में 11 बजे तक सर्वाधिक मतदान ललितपुर में 25.80 प्रतिशत हो गया था। मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, हमीरपुर तथा महोबा में भी मतदाता बड़ी सख्या में उमड़े हैं। कानपुर शहर व देहात के साथ ही झांसी, व फर्रुखाबाद में भी मतदान की गति काफी सुस्त है। मैनपुरी के करहल से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश यादव ने इटावा के सैफई में पत्नी डिंपल यादव के साथ मतदान किया।
जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव प्रत्याशी हैं। मतदान के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होने जा रहा है। इनको तो उत्तर प्रदेश के किसान माफ नहीं करेंगे। हमने पहले दो चरण के मतदान में शतक लगाया है। इस चरण में भी सपा और गठबंधन बाकी सभी से आगे होगा।
अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भी हैं। उनके खिलाफ केन्द्र सरकार में मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल भाजपा के प्रत्याशी हैं। इटावा के सैफई में इससे पहले मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई अभय राम यादव ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार बन रही है। शिवपाल यादव और अखिलेश दोनों एक लाख वोट से ज्यादा से जीत जाएंगे।
केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने हमीरपुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव ने जालौन में किया मतदान: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तमाम दिग्गज भी मतदान कर रहे हैं। केन्द्र सरकार में मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने हमीरपुर में मतदान किया। उन्होंने हमीरपुर के श्री विद्या मंदिर इंटर कालेज में बने बूथ संख्या 122 में मतदान किया। उनके साथ नगर पालिका चैयरमैन कुलदीप निषाद भी मौजूद थे। भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी रविवार को मतदान किया। उन्होंने जालौन के उरई के उद्योग केंद्र पोलिंग बूथ पर अपने मत का प्रयोग किया।
पहले दो घंटे में 8.15 प्रतिशत मतदान, मैनपुरी में सर्वाधिक: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में तीसरे चरण के मतदान में पहले दो घंटे में कुल 8.15 प्रतिशत मतदान हो गया। कई जगह पर ईवीएम में हल्की खराबी के बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी। नौ बजे तक सर्वाधिक 11.02 प्रतिशत मतदान मैनपुरी में हुआ था। सबसे कम मतदान कानपुर नगर में 5.66 प्रतिशत हुआ। नौ बजे तक हाथरस में 7.62, फिरोजाबाद में 9.85, कासगंज में 9.53, एटा में 10.16, मैनपुरी में 11.02, फर्रुखाबाद में 5.88, कन्नौज में 10.11, इटावा में 6.83, औरैया में 7.74, कानपुर देहात में 6.81, कानपुर नगर में 5.66, जालौन में 9.53, झांसी में 7.69, ललितपुर में 9.36, हमीरपुर में 9.58 तथा महोबा में 8.00 प्रतिशत मतदान हो गया था।
फिरोजाबाद में नवविवाहिता ने पति के साथ किया मतदान: सुहागनगरी फिरोजाबाद में रविवार को एक नवविवाहिता ने सुसराल रवाना होने से पहले अपने अधिकार का प्रयोग किया। फिरोजाबाद में भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी हैं। यहां के हनुमानगढ़ लक्ष्मी कॉन्वेंट स्कूल मतदान केन्द्र पर एक नवविवाहिता ने भी मतदान किया। वह विवाह के जोड़े में अपने पति के साथ वोट डालने पहुंची थी।
मतदान के बाद मंत्री महाना बोले- इस बार का चुनाव सबसे आसान: कानपुर के महाराजपुर से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रदेश सरकार में मंत्री सतीश महाना ने इस बार के चुनाव को सबसे आसान बताया है। महाना ने कानपुर में मतदान के बाद कहा कि इस बार सबसे आसान चुनाव है। समाजवादी पार्टी को सभी जगह पर अपनी सीट पर मुश्किलें हो रहीं हैं। इतना ही नहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को समर्थन के लिए अपने पिताजी मुलायम सिंह यादव को बुलाना पड़ा। उनकी खुद की सीट फंसी हुई है वह पहले अपनी सीट बचाएं, इसके बाद उत्तर प्रदेश की चिंता करें।
लम्बे समय बाद साथ दिखे रामगोपाल व शिवपाल, सैफई में डाला वोट: समाजवादी पार्टी परिवार में विवाद के लम्बे अंतराल के बाद पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सदस्य प्रोफेसर राम गोपाल यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव लम्बे समय बाद एकसाथ दिखे। रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव ने इटावा सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सैफई के अभिनव विद्यालय मतदान केन्द्र पर अपना-अपना वोट डाला। इसी दौरान प्रोफेसर रामगोपाल यादव और प्रसप प्रमुख शिवपाल सिंह यादव की भेंट भी हो गई। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने प्रोफेसर रामगोपाल यादव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। लम्बे समय बाद इनकी मुलाकात को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा भी है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद सहित विधायकों ने भी किया मतदान: पूर्व केन्द्रीय मंत्री सहित विधायकों ने भी अपने परिवार के लोगों के साथ वोट डाला। कांग्रेस के शासन में केन्द्र सरकार में मंत्री रहे सलमान खुर्शीद ने फर्रुखाबाद में मतदान किया। यहां उनकी पत्नी लुइस खुर्शीद कांग्रेस की प्रत्याशी हैं। मतदान के बाद सलमान खुर्शीद ने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश में पहले काफी दिक्कतें हुईं हैं लेकिन हमारी नेता प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को मजबूती दी है और हमें इस बार जनता से अच्छा बहुमत मिलेगा। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में यहां की राजनीति के परिदृश्य में अपना नाम दर्ज कराने आई है।
फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव नवादा दोयम मतदान केन्द्र पर सुबह विधायक व भाजपा प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह राठौर ने अपना वोट डाला। कानपुर के गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेन्द्र मैथानी अपने पूरे परिवार के साथ कानपुर पब्लिक इंटर कॉलेज, डबल पुलिया काकादेव के बूथ पर वोट डाला। एटा के बाल विद्या मन्दिर बूथ पर मतदान क बाद राज्य सभा सदस्य हरनाथ सिंह ने मतदान किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में तीसरे चरण के लिए 16 जिलों की 59 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 2.16 करोड़ मतदाता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा केन्द्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल सहित 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 97 प्रत्याशी महिला हैं। इस चरण में 13 सीटें सुरक्षित हैं।
तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर व महोबा में मतदान चल रहा है। हाथरस (अ.जा.), सादाबाद, सिकन्दरा राऊ, टूंडला (अ.जा.), जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमापुर, पटियाली, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर (अ.जा.), मैनपुरी, भोगांव, किशनी (अ.जा.), करहल, कायमगंज (अ.जा.), अमृतपुर, फर्रुखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज (अ.जा.), जसवंत नगर, इटावा, भरथना (अ.जा.), बिधूना, दिबियापुर, औरेया (अ.जा.), रसूलाबाद (अ.जा.), अकबरपुर-रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, बिल्हौर (अ.जा.), बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवई नगर, कानपुर कैंटोनमेंट, महराजपुर, घाटमपुर (अ.जा.), माधौगढ़, कालपी, उरई (अ.जा.), बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर (अ.जा.), गरौठा, ललितपुर, महरौनी (अ.जा.), हमीरपुर, राठ (अ.जा.), महोबा तथा चरखारी विधानसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है।

अखिलेश, बघेल, शिवपाल, महाना सहित कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर: तीसरे चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री एसपी सिंहबघेल कर रहे हैं। योगी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना कानपुर की महराजपुर, आबकारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार कल्याणपुर से चुनाव मैदान में हैं। शिवपाल सिंहयादव इटावा की जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। फीरोजाबाद की सिरसागंज सीट पर मुलायम सिंहयादव के समधी हरिओम यादव इस बार भाजपा के टिकट से किस्मत आजमा रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय कपूर व सीसामऊ सीट पर सपा के हाजी इरफान सोलंकी फिर मैदान में हैं। फर्रूखाबाद से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए विधायक रामवीर उपाध्याय हारथरस की सादाबाद से चुनाव मैदान में हैं। आइपीएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए असीम अरुण कन्नौज से भाजपा के टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं।

मतदान के लिए केंद्रीय बलों की 866 कंपनियां तैनात हैं। इनमें से बूथों पर 860 कंपनी, स्ट्रांग रूम ड्यूटी के लिए छह कंपनी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस के 5154 इंस्पेक्टर एवं सब इंस्पेक्टर, 50597 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षियों को लगाया गया है। इनके साथ 39 कंपनी पीएसी, 49905 होमगार्ड, 1330 पीआरडी जवान व 10425 चौकीदारों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। 50 प्रतिशत बूथों की वेबकास्टिंग के जरिए सीधी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की दिक्कत है वहां वीडियो कैमरे की व्यवस्था है।

चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट की नजर : तीसरे चरण के मतदान में कानून और प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी के लिए 52 सामान्य प्रेक्षक, 16 पुलिस प्रेक्षक तथा 19 व्यय प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। इनके अलावा 2235 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट और 832 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व 3069 माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए हैं।

तीसरे चरण में 15,557 मतदान केंद्रों के 25,794 मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर वोट डाले जा रहे हैं। आयोग ने 641 आदर्श मतदान केंद्र बनाए हैं। 129 पिंक पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं इनमें सिर्फ महिलाकर्मी ही होंगी। इसके साथ दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर व जगह-जगह वालंटियर की भी व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक व दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से मतदाता पर्ची वितरित कराई जा चुकी है। इसके जरिए मतदाताओं को मतदेय स्थल व क्रम संख्या की जानकारी हो सकेगी। इसके अलावा मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी अपने मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पिछले चुनाव में 59 में 49 सीटों पर था भाजपा का कब्जा : वर्ष 2017 के चुनाव में इन 59 सीटों में 49 सीटों पर भाजपा का कब्जा था। सपा के खाते में आठ व बसपा व कांग्रेस के पास एक-एक सीट थी। पिछले चुनाव में इन सीटों पर 62.21 प्रतिशत औसत मतदान हुआ था। वर्ष 2019 के लोक सभा चुनाव में 59.73 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस चरण के चुनाव में जहां भाजपा परिवारवाद का आरोप लगाकर एक ओर सपा को घेर रही है वहीं, योगी सरकार बेहतर कानून व्यवस्था के लिए वोट मांग रही है। वहीं, सपा बेरोजगारी, किसानों की समस्या के साथ ही 300 यूनिट फ्री बिजली देने सहित कई लुभावने मुद्दों पर वोट मांग रही है।

तीसरा चरण : एक नजर में

-कुल मतदाता : 2.16 करोड़

पुरुष मतदाता : 1.16 करोड़

महिला मतदाता : 1.00 करोड़

थर्ड जेंडर मतदाता : 1060

-कुल प्रत्याशी : 627

-महिला प्रत्याशी : 97

-कुल इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) : 25,794

-माइक्रो आब्जर्वर : 3069

-सामान्य प्रेक्षक : 52

-व्यय प्रेक्षक : 19

-पुलिस प्रेक्षक : 16

-मतदान में लगे कार्मिक-123411

-मतदान कार्य में लगे हल्के वाहन : 6426

-मतदान कार्य में लगे भारी वाहन : 5947

-आदर्श मतदान केंद्र-641

-पिंक बूथ-129।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button