पंजाब: भगवंत मान ने अपनी कैबिनेट का किया विस्तार, आप के पांच विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
पंजाब में सरकार गठन के लगभग 3 महीने बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने कैबिनेट का विस्तार किया है। आज आम आदमी पार्टी के 5 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। इन सभी विधायकों को राज्य के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिन नेताओं ने आज मंत्री पद की शपथ ली उसमें फौजा सिंह सारारी, इंद्रबीर सिंह निज्जर, अमन अरोड़ा, अनमोल गगन मान और चेतन सिंह जौरामाजरा शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा पंजाब में सरकार बनाने के तीन महीने से ज्यादा समय बाद यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है। पांच और मंत्रियों के शपथ लेने के बाद, मान के मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या मुख्यमंत्री समेत 15 हो गई है। इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने के बाद, मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में 10 विधायकों को मंत्री के रूप में शामिल किया गया था। मई में स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था। ‘आप’ ने राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान 117 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 92 सीट जीतकर सत्ता में वापसी की थी।