उत्तरप्रदेश

योगी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य बनाने की तैयारी, 25 को जिलों से कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में शासन, लखनऊ जिला प्रशासन तथा पुलिस के साथ अब भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई भी काफी सक्रिय हो गई है। लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को होने वाले योगी आदित्यनाथ सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में जिलों से भी भाजपा कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इतना ही नहीं सभी को वाहनों पर भाजपा का झंडा अनिवार्य रूप से लगाने का भी निर्देश जारी किया गया है।

भाजपा संगठन ने चुनाव की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को भी भरपूर मान देते हुए समारोह में आमंत्रित किया गया है। पार्टी ने तय किया है कि अन्य अतिथियों के साथ ही गौरव के इन क्षणों के सहभागी वह कार्यकर्ता भी बनें, जिन्होंने जीत के लिए काफी मेहनत की है। गण्यमान्यजन को न्योता दिया जा रहा है। इसके साथ ही जिलों के हर प्रमुख चौराहे पर सजावट के साथ ही उस दिन शक्ति केंद्र यानी सेक्टर स्तर पर मठ-मंदिरों में पूजा-अर्चना की तैयारी की गई है। प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल की ओर से इस संबंध में भाजपा के सभी क्षेत्रीय प्रभारी, अध्यक्ष, जिला प्रभारी और अध्यक्षों को पत्र जारी कर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने भी योगी आदित्यनाथ सरकार के लगातार दूसरे शपथ ग्रहण समारोह के लिए अपना वृहद प्लान तैयार कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर योगी आदित्यनाथ सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देने के साथ ही कुछ निर्देश भी दिया है। उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई ने प्रदेश के सभी जिलों को शपथ ग्रहण को लेकर निर्देश भेजा है। इसमें कहा गया है कि प्रत्येक क्षेत्र से कम से कम दो-दो कार्यकर्ता शपथ ग्रहण से 24 घंटे पहले लखनऊ आएं। इसके साथ ही इनको अपने जिलों के सांसद, विधायक, महापौर तथा चेयरमैन की सूची तैयार कर लखनऊ भेजने के निर्देश भी हैं। सभी जिलों से कार्यकर्ताओं के लखनऊ तक आने-जाने की व्यवस्था सांसद, विधायक और पार्टी की तरफ से कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा जिला अध्यक्षों को शपथ ग्रहण में आने वाले सभी लोगों की सूची बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों से प्रमुख साधु-संतों के साथ डॉक्टर, इंजीनियर, साहित्यकार, समाजसेवी की सूची भी मांगी गई है। इनको शपथ ग्रहण में शामिल कराने के लिए निमंत्रण भेजा जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में सभी जिले से भाजपा कार्यकर्ता गाड़ी में पार्टी का झंडा लगा कर शामिल होंगे। पार्टी की तरफ से शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रत्येक जिला मुख्यालय और बाजारों में होर्डिंग लगाने तथा शपथ ग्रहण में आने से पहले सुबह आठ से दस बजे तक मंदिरों में पूजा-पाठ करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिला, सभी मंडल तथा सभी शक्ति केंद्र से कार्यकर्ताओं को आने का निर्देश दिया गया है। इस बार शपथ ग्रहण में आने वाले सभी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों और माननीय को प्रवेश पत्र प्रदान किया जाएगा।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button